भारतीय रेल वित्त निगम के सौजन्य से 100 छात्राओं को खेल सामग्री किट वितरित

एनबीडी जौनपुर,

जनपद के ग्राम विकास इंटर कॉलेज, खुटहन में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय रेल वित्त निगम के सौजन्य से विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाली 100 छात्राओं को खेल सामग्री किट प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेल भूमि विकास प्राधिकरण के प्रबंधक ओमप्रकाश यादव (आईआरएस) ने छात्राओं को ट्रैक सूट, जूते, मोजे समेत अन्य खेल सामग्री वितरित की। जिसे पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज का समय बेटियों के लिए अवसरों से भरा हुआ है।

बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य कई क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। आगे कहा कि यदि लगन और मेहनत के साथ लक्ष्य तय किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। सरकार भी बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के माध्यम से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे खेल और पढ़ाई दोनों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें और अपने विद्यालय, परिवार तथा जिले का नाम रोशन करें।

अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रमेश यादव तथा संचालन ईश्वरदेव यादव ने किया। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने मुख्य अतिथि समेत सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्रीराम कुमार यादव,राम शिरोमणि वर्मा, डॉ सुनील कांत तिवारी, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo