एनबीडी मुंबई,
विक्रोली पार्कसाइट स्थित छत्रपति श्री शिवाजी महाराज मैदान में श्री रामलीला उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी भव्य 60वां होली स्नेह सम्मेलन 8 मार्च, रविवार को आयोजित किया जा रहा है। समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रशेखर शुक्ल द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में फिल्मी जगत के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद की सिसवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा की पंचायती राज समिति के सभापति प्रेम सागर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद एवं समाजसेवी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे से होगी, जिसमें जालंधर और रेशमा राय के बीच बिरहा का जंगी मुकाबला प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रसिद्ध लोकगायक विलास नीलकंठ द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस अवसर पर आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ रंग-बिरंगे फूलों के बीच होली स्नेह सम्मेलन मनाया जाएगा। समिति के अध्यक्ष प्रभाकर चंद्रशेखर शुक्ल, पत्रकार आदेश मिश्र तथा समिति के सभी पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाएं और होली स्नेह सम्मेलन का आनंद लें।
