एनबीडी मुंबई,
शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कर्नाटक सरकार से बेंगलुरु के शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर “छत्रपति शिवाजी महाराज” के नाम पर करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
पत्र में आनंद दुबे ने कहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष के महानायक और स्वराज्य के संस्थापक हैं। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच ऐतिहासिक रूप से सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं, जो साझा संस्कृति और आपसी सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा जाता है तो यह कदम उनकी अमर विरासत को सम्मान देगा। साथ ही, यह न केवल बेंगलुरु की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक छवि को निखारेगा, बल्कि नई पीढ़ी को शिवाजी महाराज के साहस, नेतृत्व और न्याय के आदर्शों से प्रेरणा भी प्रदान करेगा।
आनंद दुबे ने आगे कहा कि यह पहल महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सांस्कृतिक एकता और मजबूती का प्रतीक बनेगी। उन्होंने आशा जताई कि कर्नाटक सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस विषय पर और चर्चा की आवश्यकता हो तो वे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने को भी तैयार हैं।
शिवसेना की यह मांग ऐसे समय में आई है जब विभिन्न राज्यों में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के आधार पर स्थानों के नामकरण की पहल तेज हो रही है। अब देखना होगा कि कर्नाटक सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।