एनबीडी मुंबई,
मध्य रेल, मुंबई मंडल ने रविवार, 24 अगस्त 2025 को विभिन्न अभियांत्रिकी और रखरखाव कार्यों के लिए उपनगरीय मार्गों पर मेगा ब्लॉक का संचालन करने की घोषणा की है। यह ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा और आधारभूत संरचना की देखभाल के उद्देश्य से लिया जा रहा है।
रेल प्रशासन के अनुसार, माटुंगा और मुलुंड के बीच अप एवं डाउन धीमी लाइन पर सुबह 11.05 से दोपहर 3.55 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से सुबह 10.14 बजे से दोपहर 3.32 बजे तक प्रस्थान करने वाली डाउन धीमी लाइन की गाड़ियाँ माटुंगा और मुलुंड के बीच डाउन तेज मार्ग पर चलाई जाएँगी। ये ट्रेनें शीव, कुर्ला, घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड स्टेशनों पर ठहरेंगी और इसके बाद मुलुंड से पुनः धीमी लाइन पर लौटेंगी। इन ट्रेनों के गंतव्य पर पहुँचने में लगभग 15 मिनट की देरी होगी।
इसी प्रकार, ठाणे से सुबह 11.07 बजे से दोपहर 3.51 बजे तक निकलने वाली अप धीमी लाइन की गाड़ियाँ मुलुंड से माटुंगा तक अप तेज मार्ग पर चलेंगी। रास्ते में मुलुंड, भांडुप, विक्रोली, घाटकोपर, कुर्ला और शीव पर ठहरने के बाद माटुंगा से पुनः धीमी लाइन पर आएँगी। इन सेवाओं को भी अपने निर्धारित स्थानक पर लगभग 15 मिनट की देरी से पहुँचने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त, ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच अप और डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11.10 से शाम 4.10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ठाणे और वाशी/नेरुल/पनवेल के बीच चलने वाली सभी ट्रेनें रद्द रहेंगी। यानी ठाणे से सुबह 10.35 से दोपहर 4.07 बजे तक वाशी/नेरुल/पनवेल की ओर जाने वाली सेवाएँ तथा पनवेल/नेरुल/वाशी से सुबह 10.25 से दोपहर 4.09 बजे तक ठाणे की ओर जाने वाली ट्रेनें बंद रहेंगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन रखरखाव कार्यों से ट्रैक और ढाँचे की मजबूती सुनिश्चित होगी। प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।