एनबीडी मुंबई,
बहुजन विकास संघ द्वारा आयोजित वाल्मीकि आंबेडकर गौरव पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन मुंबई के मुलुंड कॉलोनी स्थित वाल्मीकि मंदिर में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के होनहार विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व विनोद कुमार कजानिया ने किया। इस अवसर पर 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लड़के-लड़कियों को वाल्मीकि आंबेडकर गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया, साथ ही छोटे बच्चों को नोटबुक वितरित की गईं। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली।
इस कार्यक्रम में श्रेष्ठ आईं प्रतिष्ठान की राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्मला सोनावने, भोला भदौरिया, राजकपूर वेद, और अनिल पथवार जैसे विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वक्ताओं ने समाज के युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और बहुजन विकास संघ के इस प्रयास की सराहना की।
विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि बहुजन विकास संघ ने एक ही दिन में मुंबई के 25 विभिन्न स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित कर समाज में एक सशक्त संदेश दिया कि शिक्षा और सम्मान समाज की असली पूंजी हैं।
संघ ने घोषणा की है कि वाल्मीकि आंबेडकर गौरव पुरस्कार हर वर्ष इसी प्रकार दिए जाएंगे, ताकि समाज के बच्चों का मनोबल ऊँचा रहे और वे शिक्षा में आगे बढ़ते रहें।
