केन्या में गूंजा अग्रवाल सम्मेलन का स्वर, मुंबई इकाई की यात्रा सफलतापूर्वक सम्पन्न

एनबीडी मुंबई,

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की मुंबई महानगर इकाई द्वारा हाल ही में किए गए केन्या दौरे ने वैश्विक अग्रवाल समुदाय के बीच नए संवाद और सहयोग के द्वार खोल दिए हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अग्रवाल और राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती सुमन अग्रवाल ने प्रमुख भूमिका निभाई।

यात्रा का उद्देश्य भारत और अफ्रीकी देशों में बसे अग्रवाल समुदायों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यावसायिक सेतु बनाना था। केन्या में लगभग 100 अग्रवाल परिवार निवास करते हैं, जिनमें से अनेक इस विशेष आयोजन में सम्मिलित हुए। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और भारतीय प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नैरोबी स्थित अग्रवाल समाज के प्रमुख सदस्यों से मुलाकात कर आपसी सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और व्यावसायिक संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही, सामाजिक संस्थाओं से भी संवाद कर सेवा के क्षेत्र में साझेदारी के विकल्पों पर विचार किया गया।

डॉ. राजेंद्र अग्रवाल ने कहा, “यह यात्रा हमारे समुदाय के वैश्विक जुड़ाव की दिशा में एक प्रेरक पहल है। हमने केन्या में बसे अग्रवालों के साथ भावनात्मक संबंध महसूस किए और भविष्य में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।”

डॉ. अग्रवाल रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भी हैं और सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय रहते हैं।

यह यात्रा न केवल अग्रवाल सम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक मजबूत कदम रही, बल्कि वैश्विक भारतीय समुदाय के बीच संवाद और सहयोग को भी नई ऊंचाई देने वाली सिद्ध हुई।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo