सांसद वर्षा गायकवाड़ को मिलेगा संसदरत्न पुरस्कार

एनबीडी मुंबई,

प्राइम पॉइंट फाउंडेशन द्वारा संसद में जनता और राष्ट्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने वाले महाराष्ट्र के सात सांसदों को संसदरत्न पुरस्कार 2025 के लिए चयनित किया गया है। इन सांसदों में उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा से कांग्रेस की सांसद वर्षा गायकवाड का समावेश है। जुलाई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी वर्षा गायकवाड एक तेज तर्रार सांसद के रूप में जानी जाती है। मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष होने के साथ-साथ वे कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़ी हुई है। उनके पिता स्व. एकनाथ गायकवाड भी सांसद रहे हैं। वर्षा गायकवाड़ को संसदरत्न पुरस्कार के लिए चयन किए जाने पर विश्व सिंधी सेवा संगम के राष्ट्रीय सलाहकार महेंद्र रूपारेल, एनएसयूआई के नेशनल डेलीगेट निखिल रूपारेल तथा मुंबई कांग्रेस की महिला महासचिव प्रीति चोकसी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्षा ताई ने संसद में हमेशा आम आदमी से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवाज उठाई है।

उन्होंने हमेशा अन्याय का खुलकर विरोध किया है। संसदरत्न पुरस्कार के लिए उनका चयन साबित करता है कि वे लगातार जन समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर रही हैं। सांसद रत्न के लिए चयन संसद में सवाल पूछने, बहस में भाग लेने, विधायी कार्यों में योगदान और समितियों में काम करने जैसे विभिन्न मानदंडों के आधार पर एक विशेष मूल्यांकन के बाद किया जाता है। इस पुरस्कार के लिए सांसदों का चयन राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर की अध्यक्षता वाली जूरी समिति द्वारा किया गया है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo