नायर दंत महाविद्यालय व अस्पताल को एशियाई देशों में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय सम्मान

डॉ. नीलम अंद्राडे को ‘जीवनगौरव’ पुरस्कार से किया गया सम्मानित

एनबीडी मुंबई,

मुंबई स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित नायर दंत रुग्णालय महाविद्यालय को अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित ‘पिएर फॉचर्ड अकॅडमी’ द्वारा ‘आशियाई देशों में सर्वश्रेष्ठ दंत रुग्णालय’ के खिताब से नवाजा गया है। यह सम्मान श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित एक विशेष अंतरराष्ट्रीय दंत चिकित्सा सम्मेलन में प्रदान किया गया।

इस सम्मान को महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. नीलम अंद्राडे ने नगर निगम की ओर से स्वीकार किया। साथ ही, दंत चिकित्सा के क्षेत्र में 46 वर्षों के उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अंद्राडे को ‘जीवनगौरव’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

डॉ. अंद्राडे ने कहा, “रुग्णसेवा को समर्पित मेरे कार्य को इस सम्मान के माध्यम से मान्यता मिली है, यह मेरे लिए अत्यंत गर्व की बात है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की मैं ऋणी हूँ, जिसने मुझे हमेशा सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया।”

1933 में स्थापित नायर दंत महाविद्यालय देश का दूसरा सबसे पुराना दंत संस्थान है। यहाँ 25 रुग्णशय्या, 300 दंत चिकित्सा कुर्सियाँ हैं और प्रतिदिन औसतन 1000 से 1200 मरीजों का उपचार किया जाता है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नायर अस्पताल की ज़िम्मेदारी और बढ़ गई है। “अब यह संस्थान और भी कटिबद्ध होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवा पहुँचाने का प्रयास करेगा,” उन्होंने कहा।

उल्लेखनीय है कि पिएर फॉचर्ड अकॅडमी की स्थापना 1936 में आधुनिक दंत चिकित्सा के जनक माने जाने वाले फ्रेंच चिकित्सक पिएर फॉचर्ड की स्मृति में की गई थी। अकॅडमी विश्वभर में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करती है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo