एनबीडी मुंबई,
भारतीय रेल ने इस वर्ष गणपति उत्सव के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए अब तक की सबसे अधिक 380 गणपति विशेष ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन 22 अगस्त 2025 से शुरू हो गया है और त्योहार नज़दीक आने पर उनकी संख्या में क्रमिक वृद्धि की जाएगी।
रेलवे के अनुसार वर्ष 2023 में 305 तथा 2024 में 358 गणपति विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 380 हो गई है। इनमें सबसे अधिक योगदान मध्य रेल का है, जो पिछले कुछ वर्षों से लगातार महाराष्ट्र एवं कोंकण क्षेत्र में त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 302 विशेष सेवाएँ चला रहा है।
कोंकण रेलवे पर चलने वाली विशेष ट्रेनों के ठहराव कोलाड, इंदापुर, मानगांव, खेड़, अंजनी, चिपलुन, रत्नागिरी, कंकावली, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम, मडगांव, कारवार, गोकर्ण रोड, उडुपी और सुरथकल सहित कई स्टेशनों पर तय किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, पनवेल और चिपलून के बीच 6 अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवाएँ भी चलाई जाएँगी। ट्रेन संख्या 01159 पनवेल से 5, 6 और 7 सितंबर को शाम 16.40 बजे रवाना होकर उसी दिन 21.55 बजे चिपलून पहुँचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01160 चिपलून से उन्हीं तिथियों पर सुबह 11.05 बजे रवाना होकर 16.10 बजे पनवेल पहुँचेगी। इन ट्रेनों का ठहराव पेन, रोहा, कोलाड, खेड़ और अंजनी सहित 18 स्टेशनों पर होगा।
इन विशेष सेवाओं में 8 मेमू कोचों की संरचना होगी और टिकटें सामान्य शुल्क पर यूटीएस प्रणाली से उपलब्ध होंगी। विस्तृत समय सारणी एवं ठहराव की जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in, NTES ऐप, IRCTC वेबसाइट और RailOne ऐप पर देखी जा सकती है।
भारतीय रेल ने कहा है कि वह यात्रियों को त्योहारों के दौरान भी सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
