14 महिला रेलकर्मियों को किया गया सम्मानित
एनबीडी मुंबई,
मध्य रेल महिला कल्याण संगठन (CRWWO) द्वारा महिला दिवस पुरस्कार समारोह 2025 का आयोजन भायखला स्थित निर्मल पार्क के न्यू ऑफिसर्स क्लब में हर्षोल्लास से किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्षा श्रीमती आशा मीना ने की।
इस विशेष अवसर पर मध्य रेल के विभिन्न विभागों की 14 महिला कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह आयोजन महिला कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता को पहचान देने तथा उन्हें प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास था।

पुरस्कार प्राप्त करने वालों में नागपुर मंडल की 2, पुणे, सोलापुर और मुंबई मंडल की 1-1, भायखला के डॉ. बी. ए. एम. रेलवे अस्पताल की 1 महिला कर्मचारी और मुख्यालय की 8 महिला कर्मचारी शामिल थीं।
समारोह में CRWWO की सचिव श्रीमती बबीता पांडे, कोषाध्यक्ष श्रीमती टीना उप्पल और संगठन के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह आयोजन यह भी साबित करता है कि मध्य रेल की प्रगति और सफलता में महिला कर्मचारियों की भूमिका न केवल महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रेरणास्पद भी है। संगठन का यह प्रयास महिला कर्मचारियों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।